मेट्रो ट्रेन प्रोजेक्ट में भी इंदौर ने राजधानी भोपाल को पीछे छोड़ दिया है. पहले चरण में मध्यप्रदेश सरकार को मिले ऋण में इंदौर में मेट्रो प्रोजेक्ट आकार लेगा. इसके लिए सर्वे और डीपीआर के आधार पर इंदौर जिला प्रशासन ने जमीन की तलाश शुरू कर दी है. प्रशासन इसके लिए मेट्रो रूट में आने वाली सरकारी जमीनों के रिकॉर्ड खंगाल रहा है. मेट्रो रेल इंदौर में तीन चरणों में आएगी. पहले चरण 3200 करोड़ रूपये का लोन मंजूर किया गया है. जिसके बाद इंदौर प्रोजेक्ट को लेकर उम्मीद जगी है. दो साल पहले इंदौर और भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए जोरशोर से तैयारियाँ की गई थीं. इस दौरान इंदौर में मेट्रो के 11 रूट का चयन कर 110 किलोमीटर का मार्ग प्रस्तावित किया गया था.
लेकिन जापानी कम्पनी जायका के हाथ खींच लेने से प्रोजेक्ट अधर में लटक गया था. पर अब इंदौर में सबसे पहले मेट्रो ट्रेन दौड़ेगी. इंदौर मेट्रो प्रोजेक्ट तीन चरणों में आकार लेगा. पहले चरण में शहर में 30 किलोमीटर का रूट तय किया गया है. जिसमें पलासिया से एयरपोर्ट और नेनौद से एयरपोर्ट तक के रूट पर काम हो सकता है. पूरे रूट पर 30 से ज्यादा स्टेशन भी प्रस्तावित हैं.