रायपुर। केंद्र सरकार के धान का समर्थन मूल्य 200 रुपए तक बढ़ाने की घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इसे मोदी सरकार का यह ऐतिहासिक फैसला बताते हुए कहा कि मैं छत्तीसगढ़ के सभी विधायकों, किसानों और ढाई करोड़ जनता की ओर से धन्यवाद देता हूं। मोदी सरकार ने अपनी घोषणा के अनुरूप एमएसपी बढ़ाने जाने का ऐतिहासिक ऐलान किया है। आज का दिन स्वर्णिम दिन है। इस फैसले के बाद हम 2100 रुपए समर्थन मूल्य तक आ गए हैं।
उन्होंने कहा कि मक्का का समर्थन मूल्य 1400 से बढ़ाकर 1700 कर दिया गया। देश के 12 करोड़ किसानों को सीधा लाभ पहुंचेगा। इससे केंद्र के बजट में 12 हजार करोड़ का असर होगा। किसानों के पास पैसा जाएगा तो किसान और उत्साहित होंगे और क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा। किसानों की हमदर्द कोई सरकार है तो बीजेपी सरकार है। जो वादा किया था उसे आज पूरा किया है।
यह भी पढ़ें : थरुर की अग्रिम जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हम इसे उत्सव के रुप में मनाएंगे। गांव-गांव में कार्यक्रम होंगे। मोदीजी को धन्यवाद देंगे। छत्तीसगढ़ में हमने टारगेट को पा लिया है। बिना मांगे मोदीजी ने मांग पूरी की है। ये हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है। आज का दिन किसानों के लिए दीवाली और होली दोनों का ही है।
वहीं कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने इसे किसानों के हित में लिया गया फैसला बताते हुए मोदी सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने शपथ लेते ही 2022 तक किसानों की आय दुगुनी करने का संकल्प लिया था। फलस्वरूप इन 4 सालों में ऐसे कई काम हुए जिससे खेती-किसानी के कामों में किसानों को सुविधा हुई है।
यह भी पढ़ें : बार-बार तबादलों से परेशान आईपीएस अफसर का छलका दर्द, मुख्य सचिव को लिखा पत्र
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कृषि, सिंचाई योजना हो या प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सभी को लागू कर किसानी को सुविधाजनक बनाने का सार्थक प्रयास किया गया। ऐसी योजनाएं किसानों के भविष्य को सुरक्षित रखने में सहायक सिद्ध हुई हैं। ऐसे में आज मोदी सरकार द्वारा खरीफ फसलों की एमएसपी डेढ़ गुना करने से निश्चित ही किसानों के जीवन मे समृद्धि आएगी। लोगों का रुझान किसानी की ओर बढ़ेगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के परिपेक्ष्य में देखे तो यहां के किसान धान की फसल ज्यादा लेते हैं। ऐसे में धान की एमएसपी 200 रुपए बढ़ाकर 1750-1770 रुपए प्रति क्विंटल करना उनके लिए बेहद खुशी का क्षण है। अन्य खरीफ फसलों की एमएसपी में वृद्धि से भी अब किसानों का रुझान इस ओर बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय केवल कृषक हित का निर्णय नही है, यह सही मायने में राष्ट्रहित का निर्णय है। क्योंकि अन्नदाताओं की खुशहाली ही देश की तरक्की का मार्ग प्रशस्त करेगी।
बृजमोहन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कृषि मंत्री राधामोहन सिंह सहित पूरी कैबिनेट को इस निर्णय के लिए छत्तीसगढ़ के किसानों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कृषि राज्यमंत्री कृष्णा राज छत्तीसगढ़ आ रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किसानों से बात करेंगी। छत्तीसगढ़ के धान उत्पादकों के लिए इससे बढ़कर ख़ुशी की कोई बात नहीं।
वेब डेस्क, IBC24