रमन का दावा- छत्तीसगढ़ होगा टॉप 3 विकसित राज्य में शुमार, 5 साल की कार्ययोजना तैयार

Ads

रमन का दावा- छत्तीसगढ़ होगा टॉप 3 विकसित राज्य में शुमार, 5 साल की कार्ययोजना तैयार

  •  
  • Publish Date - June 11, 2018 / 08:39 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:16 PM IST

रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार ने आम जनता की बेहतरी के लिए 14 साल में विकास के सारे मापदंड स्थापित किए हैं और छत्तीसगढ़ को रोड कनेक्टिविटी तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी से भी सफलतापूर्वक जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के तेज विकास के लिए अगले पांच वर्ष की कार्य-योजना भी तैयार कर ली है। डॉ. सिंह ने दावा किया कि इस दौरान छत्तीसगढ़ देश के प्रथम तीन सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के सहयोग से इस दिशा में लगातार काम कर रही है।  

मुख्यमंत्री आज विकास यात्रा के दौरान रायगढ़ जिले के विकासखंड और तहसील मुख्यालय लैलूंगा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लैलूंगा के बाद जशपुर जिले के विकासखंड मुख्यालय दुलदुला में भी उमड़ते जनसैलाब के बीच आम सभा को संबोधित किया। दोनों आमसभाओं में जनता ने मुख्यमंत्री का जोशीला स्वागत और अभिनंदन किया। रंग-बिरंगे परम्परागत परिधानों में सजे-धजे लोक नर्तकों ने भी मुख्यमंत्री और विकास यात्रा के स्वागत में आकर्षक नृत्यों का प्रदर्शन किया।

यह भी पढ़ें ; तीजन बाई की तबीयत में सुधार, सेल्फी के साथ शुभचिंतकों को दिया संदेश

 

दोनों आमसभाओं में मुख्यमंत्री ने 147 करोड़ 61 लाख रूपए के 364 निर्माण कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। उन्होंने लैलूंगा की आम सभा में  जनता को 41 करोड़ 61 लाख रूपए के 64 विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात दी। इनमें 12 करोड़ 32 लाख रूपए के तीन पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण और 29 करोड़ 35 लाख रूपए के 61 नए निर्माण कार्यों का शिलान्यास और भूमिपूजन उन्होंने किया। मुख्यमंत्री ने दुलदुला की आमसभा में 103 करोड़ रूपए के 300 निर्माण कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इनमें से 50 करोड़ 10 लाख रूपए के पूर्ण हो चुके 81 निर्माण कार्य मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पित हुए। उन्होंने दुलदुला क्षेत्र के लिए 53 करोड़ 49 लाख रूपए के 219 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। 

डॉ. सिंह ने लैलूंगा और दुलदुला की आमसभाओं में कुल 33 हजार 589 परिवारों को आबादी पट्टे भी दिए। लैलूंगा क्षेत्र के 21 हजार 579 और दुलदुला क्षेत्र के 12 हजार 010 परिवार इनमें शामिल हैं। डॉ. सिंह ने दोनों आमसभाओं में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत छह हजार 200 गरीब परिवारों की महिलाओं रसोई गैस कनेक्शन बांटे। डॉ. सिंह ने लैलूंगा में पीएम आवास योजना के तहत 700 गरीब परिवारों को मकान स्वीकृति पत्र भी दिए। उन्होंने लैलूंगा में उप-कोषालय सहित कई मांगों को तत्काल मंजूर करने की भी घोषणा की। 

मुख्यमंत्री ने दोनों आमसभाओं में छत्तीसगढ़ में अपनी सरकार की ओर से विगत चौदह वर्ष में जनता की सुविधा के लिए कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अगर किसी को विकास देखना हो तो वह रायगढ़ जिले के लैलूंगा और जिला जशपुर के दुलदुला जैसे इलाकों में भी आकर देखे।

यह भी पढ़ें ; चलती सिटी बस में लगी आग, कूद-फांदकर भागे यात्री, देखिए वीडियो

डॉ. सिंह ने कहा – प्रदेश व्यापी विकास यात्रा दंतेवाड़ा में दंतेश्वरी माता का आशीर्वाद लेकर 12 मई से शुरू हुई है। विगत लगभग एक माह में हमारी यह यात्रा प्रदेश के जिन इलाकों में भी गई, वहां की जनता ने भारी उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया। भीषण गर्मी के बावजूद यात्रा के स्वागत के लिए जनसैलाब उमड़ता रहा। मुख्यमंत्री ने कहा – यह साबित करता है कि विकास यात्रा वास्तव में जनता के विश्वास की यात्रा है और मेरे लिए यह तीर्थ यात्रा के समान है।

लैलूंगा में केंद्रीय इस्पात और खनन मंत्री विष्णुदेव साय और संसदीय सचिव व क्षेत्रीय विधायक सुनीति सत्यानंद राठिया ने भी आमसभा को सम्बोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश के गृह मंत्री रामसेवक पैकरा, रायगढ़ विधायक रोशन लाल अग्रवाल और सारंगढ़ की विधायक केरा बाई मनहर सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे। 

वेब डेस्क, IBC24