फतेहपुर (उप्र), 28 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की खागा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी का शव रविवार को पुलिस ने जंगल से बरामद किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।
पुलिस ने बताया कि किशोरी शनिवार की शाम जंगल में शौच के लिए गयी थी और तब से लापता थी। किशोरी के परिजनों ने दुष्कर्म बाद हत्या का आरोप लगाया है।
खागा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि एक व्यक्ति की सूचना पर रविवार को उसकी 15 वर्षीय बेटी का शव जंगल से बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
उन्होंने लड़की के पिता के हवाले से बताया कि लड़की शनिवार की शाम अकेले शौच के लिए जंगल गयी थी, तभी से लापता थी।
शर्मा ने कहा, ‘लड़की के परिजन दुष्कर्म बाद हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल हम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मिलने का इंतजार कर रहे हैं, उसके अध्ययन के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।’
भाषा सं आनन्द रंजन
रंजन