महोबा के एक गांव में दो पक्षों में हिंसक झड़प, 13 लोग घायल

Ads

महोबा के एक गांव में दो पक्षों में हिंसक झड़प, 13 लोग घायल

  •  
  • Publish Date - December 28, 2020 / 04:53 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:53 PM IST

महोबा (उप्र), 28 दिसंबर (भाषा) महोबा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव में तीन महीने पहले एक नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ के मामले को लेकर रविवार को दो पक्षों में हुई हिंसक झड़प में 13 लोग घायल हो गए।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेन्द्र कुमार गौतम ने सोमवार को बताया, ‘‘श्रीनगर थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव में रविवार शाम दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। दोनों पक्षों के लोगों ने धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से एक दूसरे पर वार किया। घटना में 13 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।’’

नगर पुलिस उपाधीक्षक कालू सिंह ने बताया, ‘‘तीन महीने पहले एक नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ के मामले को लेकर मलखान और आशाराम के बीच विवाद चल रहा था। आशाराम के खेत में कुछ लोग रविवार को शराब पीने के बाद मलखान को अपशब्द कहने लगे। बगल के खेत में काम कर रहे मलखान के बेटों ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला किया।’’

जिला अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सक डॉ. के.डी. गुप्ता ने बताया कि घायलों में दो लोगों की हालत ज्यादा खराब थी, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भेजा गया है।

भाषा सं आनन्द स्नेहा सुरभि

सुरभि