(Jio IPO News/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: Jio IPO News: रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने अपने बहुप्रतीक्षित IPO से पहले बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने आकाश अंबानी को 5 साल के लिए मैनेजिंग डायरक्टर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 9 अप्रैल 2026 से लागू मानी जाएगी। इस फैसले को कंपनी के आने वाले IPO की तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
जियो प्लेटफॉर्म्स की कमान मिलने के साथ ही आकाश अंबानी अपने भाई-बहन ईशा अंबानी और अनंत अंबानी से आगे निकल गए हैं। वह अंबानी परिवार के पहले सदस्य बन गए हैं जिन्हें कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर का पद मिला है। कंपनी ने कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय को दिए दस्तावेजों में बताया कि यह फैसला बोर्ड बैठक में मंजूर किया गया था।
आकाश अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के सबसे बड़े बेटे हैं। उन्होंने अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स की पढ़ाई की है। साल 2014 में वह रिलायंस जियो इन्फोकॉम से जुड़े थे। इसके बाद जून 2022 में उन्हें रिलायंस जियो इन्फोकॉम का चेयरमैन बनाया गया। अब उन्हें जियो प्लेटफॉर्म्स की सबसे बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
कंपनी ने जिया जयदेव मोदी को भी स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। वह AZB एंड पार्टनर्स की को-फाउंडर और मैनेजिंग पार्टनर हैं। उन्हें 5 साल के लिए बोर्ड में शामिल किया गया है। उनके आने के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड में कुल 10 सदस्य हो गए हैं। इसमें मुकेश अंबानी, ईशा अंबानी, अनंत अंबानी और अन्य बड़े नाम शामिल हैं।
जियो प्लेटफॉर्म्स रिलायंस के टेलीकॉम और डिजिटल कारोबार को संभालती है। मार्च 2026 तक कंपनी के ग्राहकों की संख्या 52.44 करोड़ पहुंच चुकी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक जियो का आने वाला IPO भारत की किसी निजी कंपनी का सबसे बड़ा IPO हो सकता है। मॉर्गन स्टैनले और सिटी रिसर्च ने कंपनी की वैल्यू करीब 133 अरब डॉलर आंकी है। मुकेश अंबानी ने भी कहा है कि जियो की लिस्टिंग कंपनी के लिए ऐतिहासिक कदम साबित होगी।
नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।