(Ola Electric Share Price/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: Ola Electric Share Price: आज गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 1500 अंक से ज्यादा टूट गया, जिससे निवेशकों में चिंता का माहौल बन गया। लेकिन इस गिरावट के बीच ओला इलेक्ट्रिक के शेयर ने सबका ध्यान खींच लिया है। जहां ज्यादातर शेयर लाल निशान में थे, वहीं ओला इलेक्ट्रिक के शेयर जोरदार तेजी से ऊपर चढ़ते नजर आया।
ओला इलेक्ट्रिक के शेयर में पिछले दो दिनों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। गुरुवार को BSE में इंट्राडे के दौरान कंपनी का शेयर 9% से ज्यादा बढ़कर 28.53 रुपये तक पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को भी इसमें अच्छी तेजी दर्ज की गई थी। 30 मार्च 2026 को शेयर 22.69 रुपये पर बंद हुआ था, जो अब बढ़कर 28.53 रुपये हो गया है। यानी सिर्फ दो दिनों में इसमें 25% से ज्यादा की तेजी आई है। पिछले 5 दिनों में भी शेयर करीब 17% चढ़ चुका है।
कंपनी के प्रदर्शन में सुधार के संकेत भी मिल रहे हैं। मार्च 2026 के आखिरी हफ्ते में ओला इलेक्ट्रिक के रोजाना ऑर्डर 1000 यूनिट्स के पार पहुंच गए। VAHAN डेटा के अनुसार, मार्च में कंपनी के रजिस्ट्रेशन बढ़कर 10,117 यूनिट्स हो गए, जबकि फरवरी में यह आंकड़ा 3,973 यूनिट्स था। यानी महीने-दर-महीने करीब 150% की ग्रोथ देखने को मिली। कंपनी का कहना है कि उसकी बाजार हिस्सेदारी में V-शेप रिकवरी आई है और अब 80% से ज्यादा वाहनों की सर्विसिंग उसी दिन पूरी की जा रही है।
हालांकि, हाल की तेजी के बावजूद ओला इलेक्ट्रिक के शेयर लंबे समय से दबाव में रहे हैं। इस साल अब तक शेयर में करीब 24% की गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 7 महीनों में यह 55% से ज्यादा फिसल चुका है। सितंबर 2025 में शेयर 68.96 रुपये पर था, जो अब घटकर 28.53 रुपये रह गया है। कंपनी का 52 हफ्ते का उच्च स्तर 71.24 रुपये और निचला स्तर 21.21 रुपये रहा है।
नोट:- शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।