(Stock Market Today/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: Stock Market Today in India: आज भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सकारात्मक रहने की उम्मीद है। सुबह के कारोबार में गिफ्ट निफ्टी 104 अंक की तेजी के साथ 24,060 के स्तर पर पहुंच गया। जो यह संकेत देता है कि बाजार खुलते ही खरीदारी देखने को मिल सकती है। वहीं अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने अपनी हालिया बैठक में ब्याज दरों को स्थिर रखने का फैसला लिया है। बाजार पहले से ही इस फैसले की उम्मीद कर रहा था। इसलिए निवेशकों का भरोसा मजबूत बना हुआ है।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि भारतीय बाजार में तेजी का रुख आगे भी जारी रह सकता है। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और शांति समझौते की उम्मीदों ने निवेशकों की चिंता घटाई है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट भी भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी राहतभरी खबर है। तेल सस्ता होने से महंगाई और आयात खर्च से जुड़ी चिंताए कम होती हैं। जिसका सकारात्मक प्रभाव शेयर बाजार पर पड़ सकता है।
आज रेल विकास निगम (RVNL) के शेयरों पर निवेशकों की खास नजर रहेगी। कंपनी को ईस्ट कोस्ट रेलवे से करीब 968 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है। वहीं HFCL को भारतनेट फेज-III परियोजना के तहत 2,666 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट प्राप्त हुआ है। इन दोनों खबरों से संबंधित कंपनियों के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है। इंफ्रास्ट्रक्चर और टेलीकॉम सेक्टर से जुड़ी ये घोषणाएं बाजार के लिए अहम माना जा रहा है।
लेमन ट्री होटल्स ने राजस्थान के श्रीगंगानगर में नया होटल शुरू करने की घोषणा की है। इसके साथ राज्य में कंपनी के होटलों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। दूसरी ओर फार्मा कंपनी ल्यूपिन को अमेरिका में अपनी दवा लॉन्च करने के लिए मंजूरी मिली है जो कंपनी के लिए सकारात्मक खबर है। बालकृष्ण इंडस्ट्रीज ने नए CFO की नियुक्ति की घोषणा की है। जबकि अनिक इंडस्ट्रीज ने एक नई कंपनी में 50% हिस्सेदारी खरीदकर अपने कारोबार का विस्तार किया है।
गुजरात गैस को अपने करोड़ों इक्विटी शेयरों की अंतिम लिस्टिंग और ट्रेडिंग की मंजूरी मिल गई है। वहीं HUDCO ने गुजरात सरकार के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। इस समझौते के तहत कंपनी अगले दो वर्षों में राज्य की विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए 1 लाख करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखती है। इन खबरों के कारण दोनों कंपनियों के शेयर भी निवेशकों के नजर पर रह सकते हैं।
नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।