(Stock Market Today/ Image Credit: IBC24 News Customize)
नई दिल्ली: Stock Market News Today: आज मंगलवार 6 जनवरी को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हो सकती है। गिफ्ट निफ्टी में करीब 70 से 76 अंकों की उछाल देखने को मिल रही है, जो भारतीय बाजारों के लिए सकारात्मक संकेत माने जा रहे हैं। ग्लोबल मार्केट से भी सपोर्ट मिल रहा है, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।
मंगलवार को एशियाई बाजार मिले जुले रुख के साथ कारोबार करते नजर आया। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1.12% चढ़ा, जबकि टॉपिक्स 1.48% की तेजी के साथ ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। दक्षिण कोरिया में कोस्पी 0.85% फिसल गया, वहीं कोस्डैक में मामूली तेजी रही। हांगकांग का हैंग सेंग 0.7% ऊपर चढ़ गया, जबकि चीन का CSI 300 सपाट कारोबार करता नजर आया।
गिफ्ट निफ्टी भारतीय शेयर बाजारों के लिए पॉजिटिव शुरुआत का संकेत दे रहा है। निफ्टी पिछले बंद से 76 अंक या 0.28% ऊपर 26,392 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। इससे स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि बाजार खुलते ही खरीदारी देखने को मिल सकती है।
अमेरिकी बाजार सोमवार को जोरदार बढ़त के साथ बंद हुए। डाओ जोंस 594.79 अंक या 1.23% उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर 48,977 पर पहुंच गया। वहीं S&P 500 में 0.64% और नैस्डैक कंपोजिट में 0.69% की मजबूती दर्ज की गई। मजबूत अमेरिकी बाजारों का प्रभाव आज भारतीय बाजारों पर भी दिख सकता है।
एसबीआई सिक्योरिटीज के मुताबिक, निफ्टी के लिए 26,130-26,100 का स्तर अहम सपोर्ट है, जबकि 26,370-26,400 का जोन बड़ा रेजिस्टेंस बना हुआ है। 26,400 के ऊपर टिकने पर निफ्टी 26,550 तक जा सकता है। बैंक निफ्टी में 60,400-60,500 रेजिस्टेंस और 59,700-59,600 सपोर्ट माना जा रहा है।
वेनेजुएला को लेकर बढ़े जियोपॉलिटिकल तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में करीब 2% की तेजी आई है और भाव 62 डॉलर के आसपास पहुंच गए हैं। सोना और चांदी में भी मजबूती दिख रही है। वहीं कॉपर की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं।
नोट:- शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।