(Instagram New Logo/ Image Credit: mosseri Instagram)
Instagram New Logo: मेटा के फोटो शेयरिंग प्लेटफॉर्म Instagram ने करीब एक दशक बाद अपने लोगो (Instagram New Logo) में बदलाव किया है। हालांकि कंपनी ने पूरा लोगो नहीं बदला है। ऐप में दिखने वाला मल्टीकलर कैमरा आइकल पहले की तरह ही रखा गया है। बदलाव सिर्फ ‘Instagram’ नाम वाले वर्डमार्क में किया गया है। कंपनी का कहना है कि नया डिजाइन पहले की तुलना में ज्यादा साफ, आधुनिक और आसान नजर आता है। पुराने डिजाइन की पहचान और सादगी को भी नए रूप में बनाए रखने की कोशिश की गई है।
Instagram के नए वर्डमार्क को लेकर (Instagram New Logo) सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं काफी दिलचस्प हैं। कई लोगों का कहना है कि नए अक्षर पहले की तरह आसानी से समझ नहीं आ रहे हैं। कुछ यूजर्स ने मजाक में इसे ‘इंस्टागजैम’, ‘इंस्टाग्वैम’ और ‘इंस्टागुआम’ तक पढ़ दिया। नए डिजाइन को लेकर मीम्स और मजेदार कमेंट्स भी सामने आए। यानी कंपनी ने भले ही इसे आधुनिक बनाने की कोशिश की हो, लेकिन इंटरनेट पर इसे लेकर उत्साह से ज्यादा मजाक देखने को मिल रहा है।
नए वर्डमार्क पर सिर्फ मजाक ही नहीं हुआ, बल्कि कुछ यूजर्स ने इसकी पढ़ने में आसानी पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों ने पूछा कि क्या नया फॉन्ट सभी यूजर्स के लिए पर्याप्त स्पष्ट है और क्या यह एक्सेसिबिलिटी की जरूरतों को पूरा करता है। Instagram प्रमुख एडम मोसेरी ने बदलाव की जानकारी देते हुए बताया कि ऐप के ऊपर इस्तेमाल होने वाला वर्डमार्क करीब 10 साल से एक जैसा था। इसलिए अब इसे नया रूप देने का फैसला किया गया।
नए वर्डमार्क को लेकर हुई चर्चा धीरे-धीरे Instagram से जुड़े दूसरे मुद्दों तक भी पहुंच गई। कुछ यूजर्स ने कहा कि प्लेटफॉर्म को केवल डिजाइन बदलने (Instagram New Logo) के बजाय क्रिएटर्स और छोटे कारोबारियों की समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिए। कुछ लोगों ने अकाउंट से जुड़ी परेशानियों और सपोर्ट सिस्टम का मुद्दा उठाया। इस तरह Instagram का छोटा सा डिजाइन बदलाव सोशल मीडिया पर बड़े सवालों और बहस का कारण बन गया है।