(OnePlus Shutting Down/ Image Credit: OnePlus)
नई दिल्ली: OnePlus Shutting Down: स्मार्टफोन कंपनी OnePlus को लेकर पिछले कुछ समय से खबरें सामने आ रही है कि वह ग्लोबल मार्केट में अपनी रणनीति बदल सकती है। एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी अमेरिका और यूरोप के बाजार में अपना कारोबार समेटने की तैयारी कर रही है। कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में कंपनी इस फैसले की आधिकारिक घोषणा कर सकती है।
OnePlus चीन की कंपनी Oppo का सब-ब्रांड है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ग्लोबल बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और कम होती शिपमेंट के कारण अपनी रणनीति पर दोबारा विचार कर रही है। कंपनी अब भारत और चीन जैसे प्रमुख बाजारों पर ज्यादा ध्यान केंद्रित कर सकती है।
OnePlus पहले भी यूरोप में अपने कारोबार को लेकर रणनीति बदलने की बात कह चुकी है। हालांकि, कंपनी ने ग्लोबल मार्केट छोड़ने की खबरों का पहले खंडन किया था। लेकिन हाल के दिनों में कंपनी के कई कदम ऐसे रहे हैं जिनसे बदलाव के संकेत मिलते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ने कुछ स्मार्टफोन लॉन्च योजनाओं में बदलाव किया है और इंटरनल रिस्ट्रक्चरिंग भी की गई है। इसके अलावा कुछ देशों में OnePlus की वेबसाइट यूजर्स को Oppo की वेबसाइट पर रीडायरेक्ट कर रही है। इससे माना जा रहा है कि कंपनी अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और मार्केटिंग रणनीति में बड़े बदलाव कर रही है।
अगर कंपनी अमेरिका और यूरोप से अपना कारोबार कम करती हैतो इसका भारत के ग्राहकों पर असर पड़ने की संभावना नहीं है। माना जा रहा है कि भारत और चीन में OnePlus का ऑपरेशन पहले की तरह जारी रहेगा। हाल ही में OnePlus India के CEO Robin Liu भी अपने पद से हटकर चीन लौट गए हैं। इसे कंपनी की आंतरिक रणनीति और बदलावों से जोड़कर देखा जा रहा है।
OnePlus के सॉफ्टवेयर को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी भविष्य में अपने OxygenOS में बदलाव कर सकती है। Oppo के स्मार्टफोन बिजनेस में रिस्ट्रक्चरिंग के बाद OnePlus के आने वाले डिवाइस में Oppo की ColorOS स्किन का इस्तेमाल किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, कंपनी की ओर से इन सभी बदलावों पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अब सभी की नजर OnePlus के आने वाले ऐलान पर बनी हुई है।