बलिया में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बवाल, 12 गिरफ्तार
बलिया में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बवाल, 12 गिरफ्तार
बलिया, 18 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा कस्बे में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह घटना नगरा थाना क्षेत्र के नगरा टाउन इलाके में मंगलवार देर रात हुई। कार्यक्रम का आयोजन गोरखपुर के एक उद्योगपति के पुत्र के जन्मदिन के अवसर पर किया गया था। कार्यक्रम में भोजपुरी कलाकार पवन सिंह, गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन तथा प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह भी मौजूद थे।
पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में बताया कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों के बीच बैठने की व्यवस्था को लेकर विवाद हो गया, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और कार्यक्रम को शांतिपूर्वक संपन्न कराया। पोस्ट में यह भी कहा गया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है तथा पुलिस द्वारा कोई बल प्रयोग नहीं किया गया।
हालांकि, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में अपेक्षा से अधिक भीड़ थी और आयोजकों ने भोजन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई थी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में हंगामे में बदल गया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों को कुर्सियां तोड़ते और उपद्रव करते देखा जा सकता है। हंगामे के कारण कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति नियंत्रित करने और कार्यक्रम को सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
घटना में घायल इंदासो गांव निवासी सचिन कुमार ने आरोप लगाया कि वह पुलिस की पिटाई में घायल हुआ है। उसने दावा किया कि पुलिस लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठियां चला रही थी।
नगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बृहस्पतिवार को बताया कि पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर मनीषा
मनीषा

Facebook


