मऊ में पेड़ से बस टकराने से अयोध्या से बलिया लौट रहे 40 श्रद्धालु घायल

Ads

मऊ में पेड़ से बस टकराने से अयोध्या से बलिया लौट रहे 40 श्रद्धालु घायल

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 09:36 AM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 09:36 AM IST

मऊ (उप्र), 29 मार्च (भाषा) मऊ जिले के हलधरपुर थाना इलाके में शनिवार देर रात को अयोध्या से बलिया लौट रहे श्रद्धालुओं की बस के पेड़ से टकराने से महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 40 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना लगभग देर रात डेढ़ बजे हलधरपुर पुलिस थाना क्षेत्र के रतनपुरा-मुबारकपुर मार्ग पर हुई, जब चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई।

टक्कर के प्रभाव से बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) संजय गुप्ता ने बताया कि इस दुर्घटना में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों समेत लगभग 40 यात्री घायल हुए हैं।

दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण पीड़ितों की सहायता के लिए मौके पर पहुंचे और उन्हें जोगापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। घायलों को बाद में मऊ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज हो रहा है।

भाषा सं आनन्द सिम्मी सुरभि

सुरभि