बरेली में 490 किलोग्राम मिठाई, 275 किलोग्राम खराब पनीर नष्ट किया गया
बरेली में 490 किलोग्राम मिठाई, 275 किलोग्राम खराब पनीर नष्ट किया गया
बरेली, 25 अगस्त (भाषा) खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने त्योहारों से पहले मिलावट के खिलाफ कार्रवाई के तहत बरेली में लगभग 490 किलोग्राम मिठाइयां और 275 किलोग्राम खराब पनीर नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सहायक आयुक्त (खाद्य) राहुल सिंह ने कहा कि विभाग की चार टीमों ने सोमवार को पूरे जिले में मिठाई की दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की और जांच के लिए कई नमूने जुटाए।
सिंह के मुताबिक, नदौसी गांव में मुख्य सड़क पर तिरपाल अंकुर स्वीट्स पर छापेमारी के दौरान अधिकारियों को दूध लौज, बर्फी, सोहन पापड़ी और रसगुल्ले अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किए जाते हुए मिले।
उन्होंने बताया कि मिठाई के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए, जबकि कार्रवाई के दौरान 140 किलोग्राम दूध लौज और 350 किलोग्राम बर्फी नष्ट कर दी गई।
अधिकारियों के अनुसार, बरेली में नष्ट की गई मिठाइयों की कुल मात्रा लगभग 490 किलोग्राम थी, जिनकी अनुमानित कीमत 1.70 लाख रुपये थी।
अधिकारियों ने बताया कि सुभीटोला में चुन्ने एंड संस स्वीट्स से पेड़ा और बर्फी, मुरारपुरा में दिनेश कुमार पेड़ा से पेड़ा और बर्फी तथा पीरबहोड़ में माई चॉइस स्वीट्स से खोया और लड्डू के नमूने लिए गए। उन्होंने बताया कि छोटे लाल लस्सी भंडार से भी बर्फी का नमूना लिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि नमूनों को प्रयोगशाला में भेज दिया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक अन्य कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पुलिस के साथ मिलकर 23 अगस्त की आधी रात को बदायूं से बरेली आ रही एक वैन को रोका और लगभग 275 किलोग्राम पनीर बरामद किया।
अधिकारियों ने बताया कि पनीर बेहद खराब हालत में पाया गया और उससे दुर्गंध आ रही थी। उन्होंने बताया कि नमूना एकत्र करने के बाद पूरी खेप को नष्ट कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि नष्ट किए गए पनीर की अनुमानित कीमत करीब 65,760 रुपये थी।
भाषा
सं जफर मनीषा पारुल
पारुल

Facebook


