एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारा गया एक लाख रुपये का इनामी बदमाश

Ads

एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारा गया एक लाख रुपये का इनामी बदमाश

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 11:00 AM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 11:00 AM IST

मेरठ (उप्र), 13 मई (भाषा) मेरठ के लोहिया नगर क्षेत्र में बुधवार तड़के उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के साथ मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मारा गया।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मारा गया बदमाश जुबैर अलीगढ़ जिले के बरला थाना क्षेत्र के नौशा गांव का रहने वाला था और वर्तमान में दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में रह रहा था।

उन्होंने बताया कि जुबैर 24 दिसंबर 2025 को अलीगढ़ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में राव दानिश हिलाल की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में भी वांछित था। इस मामले में अलीगढ़ पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर किया था।

सिंह ने बताया कि जुबैर लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न जिलों में दबिश दी जा रही थी। उन्होंने बताया कि बुधवार तड़के मेरठ में उसकी मौजूदगी का पता लगने पर एसटीएफ की टीम ने उसकी घेराबंदी की थी जिसके बाद हुई मुठभेड़ में घायल होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी।

सिंह ने बताया कि मुठभेड़ के बाद मौके से एक मोटरसाइकिल, दो पिस्तौल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किये गये हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जुबैर के खिलाफ अलीगढ़ और दिल्ली के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न आरोपों में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज थे।

भाषा सं. सलीम वैभव

वैभव