अखिलेश यादव का ‘पीडीए’ नारा फर्जी, पिछड़ों-दलितों के साथ धोखेबाजी: केशव प्रसाद मौर्य

Ads

अखिलेश यादव का 'पीडीए' नारा फर्जी, पिछड़ों-दलितों के साथ धोखेबाजी: केशव प्रसाद मौर्य

  •  
  • Publish Date - September 13, 2026 / 10:16 PM IST,
    Updated On - September 13, 2026 / 10:16 PM IST

मिर्जापुर/सोनभद्र (उप्र), 13 सितंबर (भाषा) उत्‍तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव के ”पीडीए” नारे को फर्जी करार देते हुए दावा किया कि विपक्षी पार्टी ने समाज के वंचित वर्ग के साथ विश्वासघात किया है।

वहीं, केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य राज्‍य मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा कि केवल ‘पीडीए’ का नाम लेने से पिछड़ा, दलित और वंचित समाज का भला नहीं होगा।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले उप्र में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एकता पर जोर दिया और राज्य में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए इसी फॉर्मूले पर सत्तारूढ़ दल की घेराबंदी कर रहे हैं।

केशव प्रसाद मौर्य अपना दल (एस) की नेता अनुप्रिया पटेल के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र मिर्जापुर में माता विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वहीं, अनुप्रिया पटेल रविवार को सोनभद्र में अपनी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने गई थीं।

मौर्य ने विंध्याचल में आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय वैदिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अखिलेश यादव का ”पीडीए” नारा फर्जी और पिछड़ों-दलितों के साथ धोखेबाजी है। 2027 में जनता उन्हें ऐसा जवाब देगी कि सपा नेता केवल सैफई में नजर आएंगे।’’

मौर्य ने आरोप लगाया, ‘‘सपा के शासनकाल (201 से 2017) में प्रदेश की कानून-व्यवस्था से लेकर सड़क, विकास सभी ध्वस्त होने के कगार पर पहुंच गए थे।’’

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2027 के आम चुनावों में भाजपा भारी बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनायेगी।

मौर्य ने कहा, ‘‘2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से वेदों में निहित ज्ञान को सामने लाने और उसे समृद्ध करने के प्रयास किए गए हैं। पहले की सरकारों ने वेद शिक्षा के बजाय मदरसा शिक्षा पर ज्यादा ध्यान दिया।’’

सोनभद्र में केंद्रीय परिवार कल्याण एवं रसायन उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) राजग के अन्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर उप्र में विधानसभा का चुनाव लड़ेगा तथा गठबंधन प्रत्याशियों को जिताने की हर संभव कोशिश करेगा। उन्होंने कहा कि अपना दल राजग में अधिक से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रयास करेगा।

पटेल ने यह भी कहा कि सीटों के बंटवारे पर अंतिम निर्णय राजग में आपसी समझौते के तहत होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला भाजपा नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के पहले राजग द्वारा आमतौर पर मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा नहीं की जाती है।

एक सवाल पर पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी ने जातिगत जनगणना का मुद्दा तब उठाया था जब सरकार द्वारा इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया था।

भाषा सं आनन्द आशीष

आशीष