लखनऊ, 16 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सोमवार को कहा कि विद्वान शिक्षकों का ज्ञान विद्यार्थियों तक अवश्य पहुंचना चाहिए और शिक्षा के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़नी चाहिए।
राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय, नयी दिल्ली के प्रशिक्षु अधिकारियों तथा भारत सरकार की प्रशासनिक सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने “राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक अध्ययन” विषय पर राज्यपाल पटेल से जन भवन में शिष्टाचार मुलाकात की और संवाद किया।
इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा, शासन व्यवस्था तथा विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
जन भवन के एक आधिकारिक बयान के मुताबिक इस भेंट में भारतीय सशस्त्र सेनाओं के तीनों अंगों के प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ-साथ मालदीव, ब्राजील, श्रीलंका, आर्मेनिया तथा मंगोलिया के सैन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
राज्यपाल ने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा, “उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन में वृद्धि हुई है तथा विदेश से आने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी बढ़ी है।”
अधिकारियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में सरकारी योजनाओं का समुचित व समयबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बजट की राशि का पूर्ण व प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
भाषा आनन्द
जोहेब
जोहेब