बाबू जगजीवन राम का जीवन और संघर्ष आज की पीढ़ी के लिए मिसाल : मीरा कुमार

बाबू जगजीवन राम का जीवन और संघर्ष आज की पीढ़ी के लिए मिसाल : मीरा कुमार

बाबू जगजीवन राम का जीवन और संघर्ष आज की पीढ़ी के लिए मिसाल :  मीरा कुमार
Modified Date: April 4, 2026 / 08:52 pm IST
Published Date: April 4, 2026 8:52 pm IST

लखनऊ, चार अप्रैल (भाषा) लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार ने शनिवार को कहा कि बाबू जगजीवन राम का जीवन और संघर्ष आज की पीढ़ी के लिए एक मिसाल है।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती की पूर्व संध्या पर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, लखनऊ में “समकालीन भारत में बाबू जगजीवन राम जी की प्रासंगिकता: सामाजिक न्याय और समावेशी विकास” विषय पर विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में उनकी सुपुत्री एवं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार शामिल हुईं।

अपने संबोधन में मीरा कुमार ने लखनऊ की तहजीब की सराहना करते हुए कहा, “आज के दौर में जहां लोग ‘पहले मैं’ की सोच रखते हैं, वहीं लखनऊ की तहजीब हमें ‘पहले आप’ सिखाती है।”

कांग्रेस मुख्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक इस दौरान वह बाबू जगजीवन राम के जीवन और संघर्ष का उल्लेख करते हुए भावुक भी हुईं।

उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में जगजीवन राम की सक्रिय भागीदारी, दलितों और वंचितों को संगठित कर स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ना तथा उनमें देशभक्ति की भावना जागृत करना उनका प्रमुख योगदान रहा।

मीरा कुमार ने कहा कि कृषि मंत्री के रूप में कार्य करते हुए बाबू जगजीवन राम ने हरित क्रांति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्नत बीज, रासायनिक उर्वरकों और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर जोर देने से देश में खाद्यान्न उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के शिक्षाविद प्रो. रतन लाल उपस्थित रहे। सांसद तनुज पुनिया ने अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए विषय का प्रतिपादन किया। संगोष्ठी का संयोजन और संचालन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष मनीष हिंदवी ने किया।

प्रो. रतन लाल ने बाबू जगजीवन राम के राजनीतिक व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे दलितों और वंचितों के सच्चे हितैषी थे। उन्होंने बिहार में किसानों और मजदूरों को संगठित कर आंदोलन चलाया तथा स्वतंत्रता के बाद संविधान सभा के सदस्य के रूप में सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का जीवन साहस और अटूट संकल्प की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दृढ़ निश्चय और नेक नीयत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बाबू जगजीवन राम ने दलितों और वंचितों को न्याय दिलाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया, जिसके लिए देश उन्हें सदैव नमन करेगा।

उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज और देश के विकास में योगदान देना हम सभी की जिम्मेदारी है।

अजय राय ने कहा कि सभी को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है और सामूहिक प्रयासों से उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी सफलता प्राप्त कर सकती है।

भाषा

आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में