बहराइच (उप्र), 18 जुलाई (भाषा) बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के ककरहा रेंज अंतर्गत आने वाले एक गांव में शनिवार सुबह तेंदुए के हमले से 88 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई।
एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि वन विभाग ने पीड़ित परिवार को त्वरित आर्थिक सहायता प्रदान की है और इलाके में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अपूर्व दीक्षित ने बताया कि घटना शनिवार सुबह करीब चार बजे ककरहा रेंज के ककरहा बीट के अंतर्गत लोधन पुरवा गांव की है। गांव निवासी श्रीराम (88), पुत्र रामदास, सुबह तड़के घर से बाहर नित्यकर्म हेतु निकले थे, तभी घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया।
दीक्षित ने कहा, ‘हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।’
अधिकारी ने बताया कि वन विभाग ने नियमों के तहत मृतक के परिजनों को तत्काल मिलने वाली त्वरित आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध करा दी है। इसके अलावा, राहत आपदा कोष के माध्यम से मिलने वाले मुख्य मुआवजे के लिए भी कागजी कार्यवाही तत्काल शुरू कर दी गई है ताकि परिजनों को जल्द से जल्द पूरी सहायता मिल सके।
इलाके में दहशत को देखते हुए वन विभाग सतर्क है।
डीएफओ ने बताया कि यह घटना मुख्य जंगल से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई है।
उन्होंने कहा, ‘तेंदुए को पकड़ने और गांव वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उच्चाधिकारियों को पिंजरा लगाने की अनुमति के लिए पत्र लिखा गया है। आज अनुमति मिलते ही तत्काल मौके पर पिंजरा लगा दिया जाएगा।’
भाषा सं जफर
वैभव
वैभव