उप्र : बरेली के पासपोर्ट दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

Ads

उप्र : बरेली के पासपोर्ट दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 08:11 PM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 08:11 PM IST

बरेली, 27 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली शहर के दीनदयाल पुरम में स्थित प्रदर्शनी नगर में पुराने पासपोर्ट कार्यालय को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद पुलिस ने पूरे भवन की तलाशी ली, लेकिन अब तक किसी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला।

पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे कार्यालय की आधिकारिक आईडी पर प्राप्त हुआ। मेल देखते ही अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सुरक्षा के मद्देनजर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को रामनवमी के कारण कार्यालय अवकाश पर था, लेकिन केंद्रीय स्तर पर कार्य जारी था। इसी दौरान आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। इसमें लिखा गया था कि अपराह्न दो बजे तक एक ‘जहरीले बम’ से कार्यालय उड़ा दिया जाएगा।

बरेली के पुलिस अधीक्षक मानुष पारीक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियातन पूरे परिसर को खाली कराया गया और आसपास के इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई।

घटनास्थल पर बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते को बुलाकर कार्यालय भवन के हर हिस्से की गहन तलाशी ली गई। कमरों, गलियारों और संभावित स्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी खतरे को समय रहते टाला जा सके।

साइबर टीम को धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए सक्रिय किया गया है। फिलहाल जांच जारी है और अब तक किसी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला। सुरक्षा के मद्देनजर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

भाषा

सं, जफर रवि कांत