बरेली: चीनी मांझे से मंत्री के भतीजे के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
बरेली: चीनी मांझे से मंत्री के भतीजे के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
बरेली (उप्र), 17 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मंत्री संजय गंगवार के किशोर भतीजे के प्रतिबंधित ‘चीनी मांझे’ (पतंग की डोर के रूप में इस्तेमाल होता है) की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल होने के बाद हत्या के प्रयास की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इस खतरनाक मांझे से घायल होने की सैकड़ों घटनाओं के बावजूद जिले में औपचारिक रूप से दर्ज होने वाला यह अपनी तरह का पहला मामला है।
उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास राज्य मंत्री संजय गंगवार के भतीजे आदित्य वीर गंगवार (15 साल) को 15 जून को चीनी मांझे की चपेट में आने के कारण गर्दन, होंठ और कान पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद पुलिस उपनिरीक्षक अखिलेश उपाध्याय की शिकायत पर मंगलवार को बारादरी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।
चीनी मांझे की चपेट में आकर घायल होने की बरेली में यह पहली रिपोर्ट दर्ज हुयी है, जबकि चीनी मांझे से घायलों की संख्या सैकड़ों में है। पुलिस ने माना है कि चीनी मांझा जानलेवा है जिससे किसी की जान जा सकती है।
पुलिस ने दिनभर जगह-जगह चीनी मांझे को लेकर छापेमारी भी की। हालांकि पुलिस को कामयाबी नहीं मिल सकी। पुलिस को कहीं भी चाइनीज मांझा नहीं मिला।
मंगलवार को थाना बारादरी में प्राथमिकी दर्ज की गई जिसके मुताबिक, 15 जून को सुबह 7.00 बजे आदित्य वीर सिंह गंगवार निवासी बी.डी.ए. कॉलोनी अपने घर से गांधी उद्यान में दौड़ (रनिंग) के लिए जा रहा था।
श्यामगंज फ्लाईओवर से उतरते समय अज्ञात व्यक्ति द्वारा सड़क पुल पर लापरवाही से छोड़े गए चीनी मांझे की चपेट में आने से गंगवार के होंठ, कान, गर्दन का पिछला भाग तथा गर्दन का निचला हिस्सा गंभीर रूप से कट गया। घायल को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार चल रहा है।
संजय गंगवार अपने भतीजे से मिलने अस्पताल पहुंचे और सवाल उठाया कि राज्य सरकार की पाबंदियों के बावजूद प्रतिबंधित चीनी मांझा कैसे उपलब्ध था।
उपनिरीक्षक अखिलेश उपाध्याय की तहरीर पर मंगलवार को भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। उन्होंने अज्ञात व्यक्ति, विक्रेता एवं उपयोगकर्ता के विरुद्ध विधिक कार्रवाई किये जाने का अनुरोध किया है।
बरेली के पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारीक ने बताया की चीनी मांझे से हुई घटना को लेकर बरेली में यह पहली प्राथमिकी है। पुलिस इस मामले को लेकर बहुत गंभीर है।
भाषा सं राजेंद्र संतोष
संतोष

Facebook


