बिजनौर : तकनीकी खराबी के कारण खेत में उतरा सेना का हेलीकॉप्टर

Ads

बिजनौर : तकनीकी खराबी के कारण खेत में उतरा सेना का हेलीकॉप्टर

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 09:38 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 09:38 PM IST

बिजनौर, 29 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के बढ़ापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को सेना के एक हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के चलते रायपुर गढ़ी गांव में एक किसान के खेत में उतारा गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे रायपुर गढ़ी गांव की है और करीब 20 मिनट में तकनीकी समस्या दूर होने के बाद हेलीकॉप्टर वहां से रवाना हो गया।

सूत्रों के मुताबिक, सेना के दो हेलीकॉप्टर इलाके के ऊपर से गुजर रहे थे, तभी तकनीकी समस्या आने पर एक हेलीकॉप्टर को एहतियातन गांव में राकेश नामक किसान के खेत में उतारा गया, जबकि दूसरा हेलीकॉप्टर आसमान में ही उड़ता रहा।

सूत्रों ने बताया कि हेलीकॉप्टर के खेत में उतरने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में कौतूहल पैदा हो गया और बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए मौके पर पहुंच गए।

उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर के खेत में उतरने के दौरान किसी तरह के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है।

सूत्रों के अनुसार, पायलट ने करीब 20 मिनट में तकनीकी खराबी को दूर किया, जिसके बाद हेलीकॉप्टर को दोबारा उड़ाया गया और फिर दोनों हेलीकॉप्टर वहां से चले गए।

पुलिस ने बताया कि हेलीकॉप्टर के सुरक्षित रूप से रवाना होने के बाद मौके पर जुटी भीड़ भी धीरे-धीरे वहां से हट गई।

भाषा

सं. सलीम पारुल

पारुल