बिजनौर: नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले युवक की तलाश जारी, युवती सुरक्षित

Ads

बिजनौर: नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले युवक की तलाश जारी, युवती सुरक्षित

  •  
  • Publish Date - June 16, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - June 16, 2026 / 10:33 PM IST

बिजनौर (उप्र), 16 जून (भाषा) जिले के शिवाला कलां थाना क्षेत्र में एक युवा जोड़े ने कथित तौर पर आत्महत्या के प्रयास में मंगलवार को नहर में छलांग लगा दी। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि युवती को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि युवक की तलाश जारी है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (चांदपुर) देश दीपक सिंह ने कहा कि घटना शाम करीब चार बजे शिवाला कलां थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक फीडर नहर में हुई।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवती को नहर से सुरक्षित बचा लिया, जबकि युवक की तलाश के लिए तलाशी अभियान जारी है।

पुलिस ने बताया कि युवक की पहचान बिलाल (24) के रूप में की गई है जो मुरादाबाद जिले का निवासी है, जबकि युवती सलमा (20) मझोला बिल्लोच गांव की निवासी है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों करीबी रिश्तेदार थे और एक दूसरे से प्रेम करते थे।

अधिकारियों ने कहा कि घटना की आगे की जांच जारी है।

घटना का स्पष्ट कारण अब तक पता नहीं चल सका है।

भाषा सं जफर सुरभि

सुरभि