भारत छोड़ो आंदोलन में भाजपा के लोगों ने महात्मा गांधी का साथ नहीं दिया : अखिलेश

भारत छोड़ो आंदोलन में भाजपा के लोगों ने महात्मा गांधी का साथ नहीं दिया : अखिलेश

भारत छोड़ो आंदोलन में भाजपा के लोगों ने महात्मा गांधी का साथ नहीं दिया : अखिलेश
Modified Date: August 18, 2023 / 08:36 pm IST
Published Date: August 18, 2023 8:36 pm IST

लखनऊ, 18 अगस्‍त (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष और उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि अंग्रेजों के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन में भाजपा (की विचारधारा) के लोगों ने महात्‍मा गांधी और क्रांतिकारियों का साथ नहीं दिया था।

लोक जागरण अभियान के तहत शुक्रवार को फतेहपुर में समाजवादी पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा, ‘‘भाजपा की विचारधारा के लोगों और उनके मातृ संगठन (संघ) ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए भारत छोड़ो आंदोलन का विरोध किया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उसी को छिपाने के लिए अब (ये लोग) घर-घर झंडा लगाने का काम कर रहे हैं।”

उन्‍होंने कहा, ‘‘भाजपा (की विचारधारा) के लोगों ने अंग्रेजों के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, क्रांतिकारियों और समाजवादियों का साथ नहीं दिया था।”

सपा मुख्‍यालय से जारी एक बयान में यादव ने कहा, ‘‘केन्द्र की सरकार में आने के बाद भाजपा नए तरीके का भारत छोड़ो आंदोलन चला रही है। भाजपा के तमाम करीबी उद्योगपति बैंकों से पैसा लेकर भारत छोड़ गए। बेंगलुरु के उद्योगपति से लेकर गुजरात के कारोबारियों तक की लम्बी सूची है और जनता यह सब जानती है।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डीजल, पेट्रोल एवं रसोईगैस के दाम बहुत बढ़ा दिए हैं। महंगाई आसमान पर है। भाजपा गरीबों की जेब काट कर अमीरों की जेब भर रही है।

अखिलेश ने कहा, ‘‘बुल्डोजर वाली भाजपा सरकार सबसे बड़ी भूमाफिया सरकार है। अयोध्या में भाजपा नेताओं ने सबसे ज्यादा जमीन पर कब्जा किया है। पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों पर अन्याय एवं अत्याचार कर रही है।”

सपा प्रमुख ने चेतावनी दी, ‘‘लेकिन याद रखें बुलडोजर को दिमाग नहीं होता है। सरकार बदलेगी तो बुलडोजर की दिशा बदल जाएगी।”

समाजवादी प्रशिक्षण शिविर के दो दिवसीय सत्र में राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल सहित अन्य प्रमुख नेताओं ने भी संबोधित किया।

भाषा आनन्‍द रंजन

रंजन


लेखक के बारे में