भाजपा झूठ और नफरत की राजनीति करती है: अखिलेश

भाजपा झूठ और नफरत की राजनीति करती है: अखिलेश

भाजपा झूठ और नफरत की राजनीति करती है: अखिलेश
Modified Date: October 20, 2023 / 06:22 pm IST
Published Date: October 20, 2023 6:22 pm IST

शाहजहांपुर, (उप्र), 20 अक्टूबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दुष्प्रचार और झूठ की राजनीति करती है और वह इतना ज्यादा झूठ फैलाती है कि कई बार लोग उसे स्वीकार कर लेते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करके समाज में दूरियां बनाने का काम कर रही है।

यहां सपा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा, “भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है और समाज में दूरियां बना रही है। यह बात जनता को समझाने के लिए हम कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर लगा रहे हैं।”

उन्होंने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल अपनी पार्टी और कांग्रेस के बीच मतभेद की खबरों पर भी टिप्पणी की।

यादव ने कहा, “इंडिया गठबंधन को पहले ही यह बात साफ कर देनी चाहिए थी कि प्रदेश स्तर पर कोई समझौता नहीं होगा। मध्य प्रदेश चुनाव के लिए सपा से बात की गई तो हमने पार्टी के प्रदर्शन के बारे में बताया। इसके बाद कांग्रेस ने सपा को छह सीट देने पर सहमति जताई। बाद में जब कांग्रेस की सूची जारी हुई तो सपा को कोई सीट नहीं दी गई और हमारे निवर्तमान विधायक का भी टिकट काट दिया गया।”

यादव ने शाहजहांपुर के हालात को लेकर उत्तर प्रदेश की भाजपा नीत सरकार पर निशाना भी साधा।

उन्होंने कहा, “यहां सड़क खुदी पड़ी है, जगह-जगह कूड़े के ढेर तथा सड़कों पर सांड ही सांड दिखाई दे रहे हैं। सड़कें खुदी होने के चलते बच्चे स्कूल और मरीज अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे हैं।”

भाषा सं राजेंद्र जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में