भाजपा नेता कर रहे दुष्कर्म, क्या यही रामराज्य है : अखिलेश

Ads

भाजपा नेता कर रहे दुष्कर्म, क्या यही रामराज्य है : अखिलेश

  •  
  • Publish Date - August 23, 2022 / 08:03 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:57 PM IST

लखनऊ, 23 अगस्‍त (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं के उत्पीड़न के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेताओं के नाम दुष्कर्म के मामलों में सामने आए हैं। क्या यही भाजपा सरकार का रामराज्य है ।

यादव ने यहां जारी एक बयान में कहा, ‘महिला सशक्तिकरण का मजाक यह है कि उत्तर प्रदेश में रोज ही महिलाएं अपमानित और उत्पीड़न का शिकार हो रही हैं। कई भाजपा नेताओं के भी नाम दुष्कर्म के मामले में सामने आए हैं। मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं रोज घट रही है। क्या भाजपा सरकार का यही रामराज्य है ।’’

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ‘भाजपा राज पूरी तरह अंधेर राज में बदल गया है। सच बात तो यह है कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था चौपट है। शासन-प्रशासन का कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। अपराधी बेखौफ हैं और जनता भय और आतंक में जीने को मजबूर है।’

सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि जनता को वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव का इंतजार है। उन्होंने कहा कि वह अब अपने मताधिकार से भाजपा की अहंकारी सरकार को सत्ता से बेदखल करने का पक्का मन बना चुकी है।

यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्ता में आते ही कानून-व्यवस्था सुधारने के लम्बे चौड़े बयान दिए थे लेकिन हकीकत में उत्तर प्रदेश महिला उत्पीड़न एवं दुष्कर्म के अपराधों में पहले नम्बर पर है।

भाषा सलीम रंजन

रंजन