देवरिया में भाजपा विधायक ने बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाई

Ads

देवरिया में भाजपा विधायक ने बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाई

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 04:23 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 04:23 PM IST

देवरिया (उप्र), 18 मई (भाषा) देवरिया सदर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी का बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद उन्होंने खुद पुलिस से चालान काटने की अपील की है।

विधायक ने सोमवार को कहा कि रविवार सुबह मेहड़ा पुरवां स्थित आवास पर पार्टी कार्यकर्ता प्रमोद मणि ने उनसे अपनी नयी मोटरसाइकिल चलाने का आग्रह किया।

त्रिपाठी ने कहा, ‘‘मैं उनके इस आग्रह को ठुकरा नहीं सका और बिना हेलमेट मोटरसाइकिल पर सवारी की जो नियमों के खिलाफ है।’’

विधायक ने कहा कि अपनी गलती का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर कार्रवाई करने और चालान काटने की अपील की।

भाजपा विधायक ने कहा, ‘हेलमेट न होने के बावजूद मैं उनकी विनती ठुकरा नहीं सका। हम दोनों बुलेट मोटरसाइकिल पर मेरे घर तक गए, जो यातायात नियमों और सुरक्षा दोनों ही दृष्टि से गलत है।’

उन्होंने पुलिस को इस चूक के लिए तुरंत चालान जारी करने और चालान जारी होने पर उन्हें सूचित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा, ‘हेलमेट पहनना न केवल यातायात नियमों का पालन करने के लिए, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। कृपया मेरी गलती न दोहराएं। वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और लापरवाही न बरतें।’

उन्होंने बताया कि टेस्ट ड्राइव के लिए स्नेहवश आग्रह करने पर उन्होंने थोड़ी दूर तक बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल चलाकर गलती की।

उन्होंने स्वयं पुलिस से संपर्क किया और यातायात नियमों के अनुसार जुर्माना जारी करने का अनुरोध किया। इसके परिणामस्वरूप, पुलिस ने देर रात 1,000 रुपये का चालान जारी किया, जिसके बाद शलभ मणि त्रिपाठी ने तुरंत जुर्माना जमा कर दिया।

उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और हेलमेट पहनने की भी अपील की। उनकी इस पहल की सोशल मीडिया पर सराहना हो रही है।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन