भाजपा सांसद के बेटे पर जातिसूचक टिप्पणी करने के मामले में मामला दर्ज

Ads

भाजपा सांसद के बेटे पर जातिसूचक टिप्पणी करने के मामले में मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 05:26 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 05:26 PM IST

शाहजहांपुर (उप्र), चार मई (भाषा) शाहजहांपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक मौजूदा सांसद के बेटे पर जातिसूचक टिप्पणी करने के मामले में राघवेंद्र सिंह उर्फ नीटू और चार-पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रविवार रात मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने सोमवार को बताया कि भाजपा सांसद अरुण कुमार सागर के बेटे और कोतवाली थाना अंतर्गत साउथ सिटी कॉलोनी के निवासी अंकित सागर ने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा है कि 27 अप्रैल को उनके और स्थानीय निवासी राघवेंद्र सिंह (उर्फ नीटू सिंह) के बीच कार ले जाने के मुद्दे पर विवाद हो गया था।

दीक्षित ने बताया कि नीटू सिंह पर आरोप है कि उन्हें जातिसूचक गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और गोलियां भी चलाईं।

उन्होंने बताया कि इस मामले के संबंध में दायर शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने घटनास्थल से भागने से पहले उन्हें और उनके परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 191(2) (दंगा) और 191(3) (दंगा, घातक हथियार या किसी ऐसी चीज से लैस होना जिसका इस्तेमाल अपराध के हथियार के रूप में किया जाता है), 109(1) (हत्या का प्रयास), 351(3) (आपराधिक धमकी) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत रविवार को कोतवाली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।

दीक्षित ने कहा कि इन घटनाओं के बीच, अरविंद सिंह चौहान नाम के एक व्यक्ति ने रविवार को सोशल मीडिया (फेसबुक) पर हिंदी में एक संदेश पोस्ट किया, जिसमें कहा गया, ‘चाहे वह सांसद हो या मंत्री। अगर मामला समुदाय से जुड़ा है, तो संसद के अंदर भी गोलियां चलेंगी। यह अच्छी तरह से समझ लें— आपको जनता ने चुना है।’

दीक्षित ने कहा पोस्ट अपलोड होने के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर नजर रखने वाली पुलिस टीम ने मामले का संज्ञान लिया और रविवार को आरोपी अरविंद सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया ।

शाहजहांपुर से भाजपा सांसद अरुण कुमार सागर ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि उनके बेटे के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी की गई और उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया।

एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए (शुक्रवार को) अरुण कुमार सागर ने कहा था कि यह घटना 27 अप्रैल को हुई थी, जब उनके बड़े बेटे अंकित सागर को उसी साउथ सिटी कॉलोनी के निवासी, जहां सांसद रहते हैं, नीटू सिंह ने कथित तौर पर जाति-सूचक गालियां दीं और उनके साथ दुर्व्यवहार किया था।

इस बीच पुलिस ने शुक्रवार को नीटू सिंह के भाई मुकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया था ।

दीक्षित ने कहा कि मुकेश सिंह को सशस्त्र अधिनियम के एक पुराने मामले में जेल भेजा गया था और उन्हें एक कथित वीडियो में गोली चलाते देखा गया था।

उन्होंने कहा कि इसी मामले में नीटू सिंह भी आरोपी है और फिलहाल फरार है ।

भाषा सं जफर

संतोष

संतोष