भोजपुर मुठभेड़: न्यायिक आयोग गठित, दोषियों पर होगी कार्रवाई: सम्राट चौधरी

Ads

भोजपुर मुठभेड़: न्यायिक आयोग गठित, दोषियों पर होगी कार्रवाई: सम्राट चौधरी

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 06:58 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 06:58 PM IST

पटना, 25 जून (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भोजपुर मुठभेड़ की हालिया घटना का उल्लेख करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार ने उच्चस्तरीय न्यायिक आयोग का तत्काल गठन किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों को न्याय मिलेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पटना के ज्ञान भवन में ‘संविधान हत्या दिवस’ के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करना और संविधान के मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने सहयोग शिविर का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा में शिकायत का समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ चरणबद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 3.70 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 3.20 लाख मामलों का निपटारा किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जेपी आंदोलन के हर सेनानी और लोकतंत्र रक्षक को उचित सम्मान दिया जाएगा तथा ऐसे पात्र लोगों के नाम जोड़ने के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा, जो अब तक किसी कारणवश सम्मान और सुविधाओं से वंचित रह गए हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और बिहार की ‘डबल इंजन’ सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। दोनों नेताओं ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा जेपी आंदोलन के सेनानियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का स्वतंत्रता का इतिहास गौरवशाली रहा है, लेकिन लगभग 50 वर्ष पहले देश ने लोकतंत्र पर सबसे बड़ा आघात भी देखा था। उन्होंने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय था और इसी स्मृति को जीवित रखने के लिए देशभर में ‘संविधान हत्या दिवस’ मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ कार्य किया जा रहा है तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने, गरीबों को न्याय, महिलाओं के सम्मान, किसानों की सुरक्षा एवं युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन और गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने जैसी योजनाओं से गरीबों के जीवन में बदलाव आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से 25 लाख गरीब परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी विरासत को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जे पी सेनानियों के सम्मान और पेंशन से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। उन्होंने कहा कि अगली बार 25 जून को आयोजित कार्यक्रम में ऐसे सभी शेष जेपी सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा, जो अब तक किसी कारण से इससे वंचित रह गए हैं।

कार्यक्रम को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा, केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिं आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर सांसद राधामोहन सिंह, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जेपी सेनानी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

भाषा कैलाश अमित

अमित