लखनऊ, 10 मार्च (भाषा) लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में एक महिला और उसका दृष्टिबाधित बेटा अपने घर में मृत पाए गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सिसेंडी निवासी सकीना ने सोमवार रात करीब 10 बजे मोहनलालगंज थाना पुलिस को सूचना दी कि रेशमा बानो (50) और उनका दृष्टिबाधित बेटा शादाब (18) अपने घर के अंदर मृत पड़े हैं।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच में पाया कि रेशमा और शादाब का संभवत: गला घोंटा गया था।
घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) रल्लापल्ली बसंत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कुमार ने बताया कि घटना की जांच के लिए चार टीम गठित की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि रेशमा के पति इकबाल की पहले ही मौत हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल अपराध का मकसद स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
भाषा सं जफर खारी
खारी