कौशांबी में सोमवार से लापता सहायक शिक्षक का शव यमुना से बरामद

Ads

कौशांबी में सोमवार से लापता सहायक शिक्षक का शव यमुना से बरामद

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 08:08 PM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 08:08 PM IST

कौशांबी (उप्र), दो मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कौशांबी थाना क्षेत्र से पांच दिनों से लापता एक सहायक शिक्षक का शव सोमवार को यमुना नदी से मिला है, जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कृष्ण कुमार वर्मा (50) प्राथमिक विद्यालय कनैली में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे तथा बीएलओ का कार्य कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वह 25 फरवरी की सुबह लगभग 9:30 बजे विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने रजिस्टर में हस्ताक्षर किए।

उन्होंने बताया कि उसके 15 मिनट बाद वह बीएलओ कार्य के लिए कनैली गांव की और चले गए, शाम को जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

उन्होंने बताया कि कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने सराय अकिल थाने में कृष्ण कुमार वर्मा की गुमशुदगी दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि आज कौशांबी थाना क्षेत्र के महिला घाट के पास यमुना नदी में मछुआरों ने उनका शव देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है, और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी ।

भाषा सं जफर रंजन

रंजन