बांदा (उप्र), 24 जुलाई (भाषा) बांदा जिले में करंट लगने से सुरक्षाकर्मी और उसके बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मेविस टाक ने बताया कि नगर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि कालू कुआं स्थित ‘सिटी गार्डन मैरिज लॉन’ के एक कमरे में करंट लगने से सुरक्षाकर्मी बाबूलाल (58) और उनके बेटे धीरू (30) बुरी तरह झुलस गए हैं।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एएसपी ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना देने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पिता-पुत्र किन परिस्थितियों में करंट की चपेट में आए और मामले की जांच जारी है।
भाषा सं जफर सिम्मी खारी
खारी