शाहजहांपुर, 27 अप्रैल (भाषा) शाहजहांपुर जिले के सदर बाजार थाना क्षेत्र के चिनौर इलाके में एक मजार पर चढ़ाई गई चादर जलाने और मजार के आसपास लगी लोहे की जाली को नुकसान पहुंचाने के मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के कड़े निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि धार्मिक स्थल पर कुछ जले हुए कपड़े मिले हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘लगता है किसी ने मजार पर चढ़ी चादर उतारकर जला दी। इसके अलावा मजार के चारों ओर लगी लोहे की जाली भी तोड़ी गई है।’’
उन्होंने बताया कि रविवार को शिकायत मिलने के बाद अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘पुलिस टीम को आरोपी की जल्द से जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।’’
मजार के मुजाविर मोहम्मद अहमद उर्फ चांद मियां ने बताया कि यह मजार सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस मजार पर मुसलमानों से ज्यादा हिंदू आते हैं। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हम मांग करते हैं कि मजार की लोहे की जाली तोड़ने, चादर जलाने और मजार पर पत्थर फेंकने वाले को जल्द गिरफ्तार किया जाए।’’
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 (धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए आसपास के इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
भाषा सं आनन्द अविनाश खारी
खारी