लखनऊ, दो जून (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इटौंजा इलाके में एक फोटोग्राफर को कथित रूप से जन्मदिन पार्टी की शूटिंग के बहाने बुलाकर महंगे फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी उपकरण लूट लिए गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी-उत्तर) गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि माल क्षेत्र के रानीखेड़ा गांव के पेशेवर फोटोग्राफर-वीडियोग्राफर अशोक यादव ने सोमवार को इटौंजा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
चौधरी ने कहा कि शिकायत के अनुसार, कुछ अज्ञात लोगों ने यादव को जन्मदिन समारोह की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए एक जून को रात करीब साढ़े आठ बजे नीलांश वाटर पार्क रोड के पास पहुंचने को कहा।
पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंचते ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात लोगों ने उनकी कार रोक ली और धमकाकर उपकरण लेकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार लूटे गए सामान में करीब छह कैमरे, सात लेंस, दो गिम्बल और एक मोबाइल फोन शामिल हैं।
डीसीपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर इटौंजा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।
डीसीपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई हैं तथा इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अन्य तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
भाषा किशोर आनन्द राजकुमार
राजकुमार