मेरठ, 11 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने एक नाबालिग के कथित अपहरण और छह लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले का खुलासा करते हुए उसके पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने ऑनलाइन गेमिंग में हुए नुकसान के बाद कर्ज से बचने के लिए अपने ही बेटे के अपहरण की फर्जी साजिश रची थी।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र के अशोक नगर नंगलाताशी निवासी दीपक ने 10 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका 15 वर्षीय पुत्र हर्ष कुमार उर्फ हनी नौ मार्च को कोचिंग जाने के बाद घर नहीं लौटा।
शिकायत में यह भी कहा गया था कि अज्ञात लोगों ने फोन कर बेटे को छोड़ने के बदले छह लाख रुपये की फिरौती मांगी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और ‘स्वाट टीम’ ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। इस दौरान वादी दीपक के बयान संदिग्ध पाए गए।
पुलिस के अनुसार सख्ती से पूछताछ करने पर दीपक ने स्वीकार किया कि उसने ही पूरी साजिश रची थी।
दीपक ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उसने विभिन्न बैंकों के क्रेडिट कार्ड से पैसे लेकर ऑनलाइन गेमिंग ऐप ‘चिल चैट’ पर खर्च कर दिए थे तथा बाद में उसने ऑनलाइन लोन ऐप से करीब दो लाख रुपये का कर्ज लिया, जिसे भी वह गेमिंग में हार गया।
दीपक ने पुलिस से कहा कि इससे उस पर करीब सात से आठ लाख रुपये का कर्ज हो गया था।
उसने पुलिस को बताया कि कर्ज और किस्तों के दबाव से परेशान होकर उसने अपने बेटे को बहला-फुसलाकर छिपा दिया और फिरौती की मांग की कहानी गढ़ दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार