लखनऊ, 10 मार्च (भाषा) नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) क्रिस्टोफ श्नेलमैन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और जेवर में बनाए जा रहे हवाई अड्डे के लिए भारत सरकार द्वारा जारी लाइसेंस प्रस्तुत किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को परियोजना की प्रगति और इसके उद्घाटन तथा वाणिज्यिक उड़ान संचालन शुरू करने के लिए जारी तैयारियों के बारे में जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के बाद अब नियामकीय स्वीकृतियों की अंतिम प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे का ‘एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम’ इस समय ‘ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी’ के पास समीक्षा के लिए लंबित है और सुरक्षा से जुड़ी मंजूरी मिलते ही हवाई अड्डा प्रबंधन सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय करके औपचारिक उद्घाटन व वाणिज्यिक संचालन की तिथि तय करेगा।
बयान के मुताबिक गौतमबुद्ध नगर के जेवर में बनाया जा रहा नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को देश व दुनिया के प्रमुख शहरों से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा है।
भाषा आनन्द जोहेब
जोहेब