धर्मेंद्र प्रधान ने ‘राष्ट्रदृष्टि’ को अपने कार्य का आधार बनाया: योगी आदित्यनाथ
धर्मेंद्र प्रधान ने ‘राष्ट्रदृष्टि’ को अपने कार्य का आधार बनाया: योगी आदित्यनाथ
लखनऊ, 25 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई प्रमुख नेताओं ने शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा क्षेत्र को नयी दिशा देने का महत्त्वपूर्ण कार्य किया।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर नयी दिल्ली के जंतर मंतर समेत देशभर में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को इस्तीफा दे दिया।
उनके इस्तीफे के बाद उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक “एक्स” पर एक पोस्ट में कहा “शिक्षा राष्ट्र के चरित्र का निर्माण करती है, उसकी चेतना को संस्कारित करती है और उसके भविष्य की दिशा निर्धारित करती है।”
आदित्यनाथ ने कहा, “धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में इसी ‘राष्ट्रदृष्टि’ को अपने कार्य का आधार बनाया। विद्यार्थी जीवन से लेकर सार्वजनिक जीवन तक उनका सतत प्रयास रहा कि भारत का प्रत्येक युवा अवसरों से जुड़े, अपनी प्रतिभा को पहचान सके, अपनी जड़ों पर गर्व करे और ‘विकसित भारत’ के संकल्प का सक्रिय भागीदार बने।’’
मुख्यमंत्री ने पोस्ट में कहा, “उनके नेतृत्व में शिक्षा को नवाचार, कौशल, भारतीय ज्ञान परंपरा, अनुसंधान और वैश्विक प्रतिस्पर्धा से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास हुए। उनके प्रयासों ने देश की शिक्षा व्यवस्था में नए विमर्शों, नयी संभावनाओं और नए आत्मविश्वास का संचार किया।”
आदित्यनाथ ने कहा, “सार्वजनिक जीवन में दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन राष्ट्रहित में किया गया समर्पित कार्य समय के साथ और अधिक प्रेरणादायी बन जाता है। धर्मेंद्र प्रधान जी, शिक्षा, युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण के प्रति आपके समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व व अथक प्रयासों के लिए हृदय से आभार एवं साधुवाद।”
उन्होंने कहा कि “पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में आपकी ऊर्जा, अनुभव और कर्मनिष्ठा आगे भी ‘विकसित भारत’ की विकास यात्रा को नयी दिशा व नयी गति प्रदान करती रहेगी। सार्वजनिक जीवन की आगामी यात्रा के लिए अनंत शुभकामनाएं।”
भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने “एक्स” पर पोस्ट में कहा “युवाओं और विद्यार्थियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।”
उन्होंने कहा कि “उनका यह फैसला इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत पूरी भाजपा के लिए देश के विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य और उनका भरोसा ही सर्वोपरि है।”
चौधरी ने कहा, “राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सफल क्रियान्वयन से लेकर शिक्षा क्षेत्र के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। छात्र हित में उठाया गया उनका यह कदम राजनीति में उच्च नैतिक मूल्यों को दर्शाता है। धर्मेंद्र प्रधान को भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।”
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने “एक्स” पर पोस्ट में कहा, “युवाओं और विद्यार्थियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा अपने पद से दिया गया इस्तीफा सार्वजनिक जीवन में उच्च नैतिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिचायक है।”
उन्होंने कहा कि “यह निर्णय इस बात का भी प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विद्यार्थियों का भविष्य और उनका विश्वास सर्वोपरि है।”
मौर्य ने कहा कि “केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, भारतीय भाषाओं में तकनीकी एवं प्रतियोगी शिक्षा को बढ़ावा देने तथा शिक्षा व्यवस्था में अनेक परिवर्तनकारी सुधारों के माध्यम से देश के शिक्षा क्षेत्र को नयी दिशा देने का महत्त्वपूर्ण कार्य किया। आपका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”
भाषा आनन्द आशीष
आशीष

Facebook


