डीआरआई ने लखनऊ में बस यात्री से जब्त की 10 करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन

Ads

डीआरआई ने लखनऊ में बस यात्री से जब्त की 10 करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 08:57 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 08:57 PM IST

लखनऊ, 21 मई (भाषा) राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने काठमांडू से दिल्ली जा रहे एक यात्री को लखनऊ में गिरफ्तार कर उसके पास से 10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 5.24 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

डीआरआई द्वारा जारी बयान के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक यात्री बस से काठमांडू से दिल्ली जा रहा है और उसके पास मादक पदार्थ है। इसके आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने लखनऊ में संदिग्ध यात्री के सामान की जांच की। जांच के दौरान दो पैकेटों में रखे गए 5,240 ग्राम सफेद पाउडर जैसे पदार्थ बरामद किए गए, जिसकी जांच में हेरोइन के रूप में पुष्टि हुई।

इसके बाद डीआरआई ने आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। बयान में कहा गया है कि जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत लगभग 10.48 करोड़ रुपये आंकी गई है। बरामद हेरोइन को मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस), 1985 के तहत जब्त किया गया है।

आरोपी को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, एनडीपीएस अदालत लखनऊ के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

बयान के अनुसार, डीआरआई ने पिछले छह महीनों में लखनऊ में कुल 21.34 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत 42.68 करोड़ रुपये है।

भाषा

सलीम रवि कांत