अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना दुखद : सुप्रिया सुले

Ads

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना दुखद : सुप्रिया सुले

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 10:22 PM IST

लखनऊ, 13 जुलाई (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी पर दुख जताते हुए सोमवार को कहा कि आस्था के केंद्रों पर भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के अध्ययन दौरे के सिलसिले में लखनऊ पहुंचीं सुले ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भगवान राम हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और हमारी गहरी आस्था उनसे जुड़ी है। अयोध्या से लेकर उज्जैन तक हमारे लिए श्रद्धा के केंद्र हैं। यदि यहां भी भ्रष्टाचार होता है, तो क्या यह उचित है?’’

महाराष्ट्र के बारामती से लोकसभा सदस्य सुले ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पर भी पहले भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनकी पार्टी को भ्रष्ट बताया था, लेकिन उन आरोपों को साबित नहीं किया जा सका।

राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन के मामले पर उन्होंने कहा कि इस घटना से उन्हें ‘‘दुख’’ हुआ है।

संयुक्त संसदीय समिति के दौरे के बारे में पूछे जाने पर सुले ने कहा कि समिति विभिन्न राज्यों का दौरा कर रही है और संबंधित पक्षों से सुझाव प्राप्त कर रही है। इस संबंध में विचार-विमर्श की प्रक्रिया जारी है।

भाषा

अरुणव, आनन्‍द रवि कांत