प्राथमिकी दर्ज करने से पहले प्रभावी पुलिसिंग अत्यंत आवश्यक : पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण

Ads

प्राथमिकी दर्ज करने से पहले प्रभावी पुलिसिंग अत्यंत आवश्यक : पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण

  •  
  • Publish Date - March 10, 2026 / 11:38 PM IST,
    Updated On - March 10, 2026 / 11:38 PM IST

लखनऊ, 10 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राथमिकी दर्ज करने से पहले प्रभावी पुलिसिंग अत्यंत आवश्यक है।

एक बयान के मुताबिक, कृष्ण ने मंगलवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में अपराध नियंत्रण उपायों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारी और जवाबदेही सुनिश्चित की।

उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण को थानों एवं चौकियों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के महत्वपूर्ण मानकों में सम्मिलित किया जाए।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि ‘यक्ष’ ऐप के प्रभावी उपयोग से अपराध-मुक्त समाज की दिशा में एक सुदृढ़ ब्लूप्रिंट तैयार होगा, जिसके लिए उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और इसकी नियमित मासिक समीक्षा की जा रही है।

बयान में बताया गया कि जून 2025 से समीक्षा बैठकों में समस्त जिलों को जनशिकायतों में 40 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य दिया गया था और समीक्षा में पाया गया कि योजनाबद्ध कार्यवाही एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के परिणामस्वरूप प्रदेश में इस दिशा में अत्यंत सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं और जनशिकायतों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

पुलिस महानिदेशक ने निर्देश दिया कि संभल, फिरोजाबाद एवं इटावा में अपनाए गए प्रभावी उपायों का विस्तृत प्रतिवेदन मुख्यालय को प्रेषित किया जाए, जिससे उन उपायों को अन्य जनपदों में भी लागू किया जा सके और जनसुनवाई प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

भाषा आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र