सहारनपुर में आवारा कुत्तों के हमले में आठ वर्षीय बच्चे की मौत

Ads

सहारनपुर में आवारा कुत्तों के हमले में आठ वर्षीय बच्चे की मौत

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 02:04 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 02:04 PM IST

सहारनपुर (उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) सहारनपुर जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने आठ वर्षीय एक बच्चे को मार डाला। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि लवीश (आठ) सोमवार शाम गांव के बाहर खेत से गेहूं की बालियां बीनने गया था और अकेला देखकर आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया।

थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि परिजनों की लिखित सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

लवीश के चाचा सुमित ने बताया कि फोन पर बच्चे के लहूलुहान होने की सूचना मिली। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लवीश चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था और गांव के स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। उसके पिता गांव में ही ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंट भरने का काम करते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि आवारा कुत्तों के हमलों से लोग पहले से परेशान हैं और ग्राम प्रधान और प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार शाम की इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है और ग्रामीण बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

भाषा सं आनन्द

मनीषा अविनाश

अविनाश