कौशांबी में पेड़ काटने के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या की, मामला दर्ज

Ads

कौशांबी में पेड़ काटने के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या की, मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 12:09 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 12:09 PM IST

कौशांबी (उप्र), 29 जून (भाषा) कौशांबी जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र के भेलखा गांव में बबूल का पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में दो सगे भाइयों के बीच मारपीट हो गई और इस दौरान गंभीर रूप से घायल छोटे भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बब्बू लाल (50) की रविवार देर रात अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में उसके बड़े भाई राजा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोप है कि शनिवार को राजा ने पुराना बबूल का पेड़ काट दिया था जिसकी सूचना मिलने पर बब्बू लाल रविवार सुबह गांव पहुंचा। पेड़ काटने को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि मारपीट के दौरान राजा ने बब्बू लाल की बेरहमी से पिटाई की और उसे धक्का दे दिया जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई। परिजन उसे जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मंझनपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिवांक सिंह ने बताया कि बब्बू की पुत्रवधू बुदली देवी की तहरीर पर आरोपी राजा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई हैं और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं आनन्द वैभव खारी

खारी