पिता ने अपने दो बच्चों को साथ लेकर लगाई आग : तीनों की मौत

पिता ने अपने दो बच्चों को साथ लेकर लगाई आग : तीनों की मौत

पिता ने अपने दो बच्चों को साथ लेकर लगाई आग : तीनों की मौत
Modified Date: November 29, 2022 / 08:48 pm IST
Published Date: December 1, 2021 9:17 pm IST

गोरखपुर (उत्तर प्रदेश), एक दिसंबर (भाषा) गोरखपुर जिले के गीडा क्षेत्र में बुधवार को एक व्यक्ति ने अपने दो बच्चों के साथ आत्मदाह कर लिया जिससे इस घटना में तीनों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि गीडा थाना क्षेत्र में मदन कनौजिया (36) नामक व्यक्ति ने खुद को तथा अपने दोनों बच्चों अन्नपूर्णा (सात) और अतुल (पांच) को एक कमरे में बंद कर लिया और रसोई गैस खोल कर आग लगा दी।

उन्होंने बताया कि इस घटना में मदन और उसके दोनों बच्चों की झुलस कर मृत्यु हो गई।

मदन के छोटे भाई मोहन ने पुलिस को बताया कि उसके बड़े भाई की अपनी पत्नी से कुछ कहासुनी हुई थी जिसके बाद वह अपने मायके चली गई थी और वापस आने को राजी नहीं हो रही थी । मोहन ने यह भी बताया कि उसके भाई का मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं था।

इस घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) मनोज अवस्थी पुलिस बल तथा फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं सलीम रंजन

रंजन


लेखक के बारे में