उप्र : ‘भाजपा के झंडे का अपमान’ करने के आरोप में सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी
उप्र : ‘भाजपा के झंडे का अपमान’ करने के आरोप में सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी
मऊ (उप्र), 23 जुलाई (भाषा) मऊ जिले में बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का पोस्टर फाड़ने और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झंडे का अपमान करने के आरोप में समाजवादी पार्टी (सपा) के दो नेताओं और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह प्राथमिकी भाजपा कार्यकर्ता राघवेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर कोतवाली में दर्ज की गई।
सूत्रों ने बताया कि प्राथमिकी में सपा लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष मयंक पांडेय और सोनू नामक एक अन्य नेता को नामजद किया गया है जबकि 20-25 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायत के अनुसार यह घटना बुधवार को कोतवाली इलाके में गाजीपुर तिराहे के पास हुई जब सपा नेता और कार्यकर्ता दिल्ली की एक घटना के विरोध में ज्ञापन सौंपने के लिए जिला कचहरी तक जुलूस निकाल रहे थे।
पुलिस ने बताया कि जुलूस के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर कैबिनेट मंत्री शर्मा का बैनर फाड़ दिया और भाजपा के झंडे का अपमान किया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने कहा कि घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। उन्होंने बताया कि पुलिस साक्ष्य एकत्र करने के लिए वायरल वीडियो की जांच कर रही है।
भाषा सं. सलीम धीरज
धीरज

Facebook


