उप्र : सहारनपुर में शोरूम चोरी मामले में पांच लोग गिरफ्तार

Ads

उप्र : सहारनपुर में शोरूम चोरी मामले में पांच लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 3, 2026 / 07:07 PM IST,
    Updated On - February 3, 2026 / 07:07 PM IST

सहारनपुर, तीन फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस ने एक शोरूम में हुई करोड़ों रुपये के आभूषणों की चोरी का मामला सुलझा लिया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और करीब तीन करोड़ रुपये के गहने बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक यह चोरी टाटा ग्रुप के कैरटलेन ज्वेलरी शोरूम में हुई थी, जो सदर बाजार पुलिस थाना इलाके में स्थित है। सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष तिवारी ने बताया कि पुलिस ने लगभग तीन करोड़ रुपये के गहने और 45,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।

तिवारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की पांच टीमें बनाई गई थीं, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने ‘100 प्रतिशत रिकवरी’ बताया।

एसएसपी ने पुलिस टीम के लिए 25,000 रुपये के इनाम की घोषणा करते हुए कहा कि यह सफलता सदर बाजार पुलिस और स्वैट सर्विलांस इकाई की संयुक्त टीम ने हासिल की।

एसएसपी के अनुसार, चोरी की यह घटना 23 जनवरी की रात भारी बारिश के बीच हुई थी। आरोपी सीढ़ियों के पास की दीवार तोड़कर शोरूम में दाखिल हुए थे। शोरूम के प्रबंधक अंकित मुखर्जी ने बाद में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात लोगों ने सोने, हीरे के गहने और नकद चुरा लिया है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरशाद उर्फ काला, दिलशाद, काली, सीमा और सलमा के रूप में हुई है जिनमें से तीन महिलाएं हैं।

एसएसपी तिवारी ने बताया कि आरोपियों को खलासी लाइन इलाके में छोटी रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, और आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।

भाषा

सं, जफर रवि कांत