मंडलायुक्त के औचक निरीक्षण में धान खरीद में मिला फर्जीवाड़ा: केंद्र प्रभारी के खिलाफ मामला दर्ज
मंडलायुक्त के औचक निरीक्षण में धान खरीद में मिला फर्जीवाड़ा: केंद्र प्रभारी के खिलाफ मामला दर्ज
बरेली (उत्तर प्रदेश), 23 नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में किसानों के बजाय बिचौलियों से धान खरीदने के आरोप में बुधवार को क्रय केन्द्र प्रभारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की गयी।
आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि बरेली की मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दर ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ (यूपीएसएस) द्वारा इस्माइलपुर नरियावल मंडी परिसर में संचालित धान खरीद केन्द्र का औचक निरीक्षण किया था। सूत्रों ने बताया कि इस दौरान उन्होंने पाया कि केन्द्र पर किसानों से नहीं बल्कि बिचौलियों से धान खरीदा जा रहा है और उसमें भी कुछ हद तक फर्जी खरीद दर्शायी जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि केंद्र पर फर्जी मोबाइल नंबर डालकर नौ किसानों से 560 क्विंटल धान की खरीद दिखाई गयी। सूत्रों ने बताया कि मंडलायुक्त ने मौके पर ही जब उन नंबरों पर बात करके पुष्टि की तो फर्जीवाड़ा खुल गया। सूत्रों ने बताया कि यूपीएसएस क्षेत्रीय प्रबंधक ओमेंद्र कुमार ने केंद्र प्रभारी संकल्प कटियार द्वारा हो रही फर्जी खरीद की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी किसानों के दस्तावेज तैयार करने और सरकारी धन का गबन करने के आरोप में बिथरी चैनपुर थाने में माकला दर्ज कराया।
सूत्रों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त को एक ट्रक में 625 बोरा धान रखे जाने की बात बतायी गयी। सूत्रों ने बताया कि मंडलायुक्त ने ट्रक को रुकवा कर उसमें लदे बोरों की गिनती कराई तो वे 500 ही निकलीं। सूत्रों ने बताया कि मौके पर 125 बोरा धान कम होने पर सम्बन्धित ठेकेदार का ठेका निरस्त करके उसकी कंपनी को दागी कम्पनियों की सूची में शामिल कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि क्रय केन्द्र प्रभारी संकल्प कटियार से किसानों की फर्जी खरीद के संबंध में जवाब तलब किया गया लेकिन इस पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने बताया कि इसके बाद उन पर विभागीय कार्रवाई के भी आदेश दिए गए हैं।
भाषा सं सलीम अमित
अमित

Facebook


