लखनऊ, 15 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखनऊ में गैस सिलेंडर की जमाखोरी व उनकी कालाबाजारी की कोशिश करने के आरोप में गैस की एक एजेंसी की मालक और प्रबंधक समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जिला आपूर्ति विभाग द्वारा की गई छापेमारी के बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की संबंधित धाराओं के तहत काकोरी थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 14 मार्च को गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम ने काकोरी इलाके में मोहान रोड के पास स्थित ‘अभिनंदन रिसॉर्ट’ परिसर में छापेमारी की थी।
पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान अधिकारियों को रिसॉर्ट परिसर में खड़े एक ट्रक में रसोई सिलेंडर लदे हुए मिले।
पुलिस के मुताबिक, अधिकारियों ने वाहन से 14.2 किलोग्राम क्षमता वाले 65 खाली घरेलू गैस सिलेंडर, नौ भरे हुए सिलेंडर और छह किलोग्राम क्षमता वाले 14 खाली सिलेंडर बरामद किए।
अधिकारियों ने बताया कि ये सिलेंडर रिसॉर्ट परिसर में बिना किसी अनुमति के और बिना किसी वैध रिफिल वाउचर या संबंधित दस्तावेजों के जमा किए गए थे।
उन्होंने बताया कि इस मामले में संबंधित गैस एजेंसी की मालिक मंजू कनौजिया, अभिनंदन रिसोर्ट के मालिक सुरेंद्र कुमार और गैस एजेंसी के प्रबंधक इफ्तिदा हुसैन के साथ-साथ जमील अहमद और साहिल नामक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान अधिकारियों को बताया कि ट्रक को रिसॉर्ट में इसलिए लाया गया था ताकि सिलेंडरों को इब्राहिमगंज गांव स्थित एक नए गोदाम तक पहुंचाया जा सके।
पुलिस ने बताया कि टीम ने आलमबाग स्थित एजेंसी के गोदाम का भी निरीक्षण किया, लेकिन वह बंद मिला लिहाजा निरीक्षण के समय वहां मौजूद स्टॉक की जांच करना संभव नहीं हो पाया।
पुलिस के मुताबिक, अधिकारियों को पास के ही एक खेत में एक ट्रक भी खड़ा मिला, जिसमें बॉटलिंग प्लांट से लाए गए 360 घरेलू गैस सिलेंडर लदे हुए थे।
पुलिस ने बताया कि इन सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है।
भाषा सलीम जितेंद्र
जितेंद्र