लखनऊ, छह फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने गो संरक्षण पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ को राज्य में कर मुक्त कर दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विनोद चौधरी द्वारा निर्मित व निर्देशित यह फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज की गई।
यहां जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुई बैठक में फिल्म को कर मुक्त करने का फैसला किया गया।
बयान में कहा गया, ‘‘यह निर्णय सरकार की उस नीति को रेखांकित करता है, जिसके तहत गो सुरक्षा को सामाजिक और प्रशासनिक प्राथमिकता दी गई है। सरकार का मानना है कि फिल्म के माध्यम से गो संरक्षण का संदेश व्यापक स्तर पर समाज तक पहुंचेगा और आमजन को इस विषय की गंभीरता से जोड़ने में मदद मिलेगी।’’
बयान के मुताबिक गायों का संरक्षण, भारतीय संस्कृति में उसके महत्व और पंचगव्य आधारित वैज्ञानिक दृष्टिकोण को केंद्र में रखकर बनी फिल्म ‘गोदान’ के निर्माता-निर्देशक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी।
लगभग दो घंटे की इस फिल्म में गाय के धार्मिक, सामाजिक और व्यावहारिक महत्व को दर्शाया गया है।
भाषा जफर धीरज
धीरज