उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर लू की स्थिति बने रहने का अनुमान

उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर लू की स्थिति बने रहने का अनुमान

उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर लू की स्थिति बने रहने का अनुमान
Modified Date: June 18, 2026 / 09:45 pm IST
Published Date: June 18, 2026 9:45 pm IST

लखनऊ, 18 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को अलग-अलग जगहों पर लू की स्थिति बने रहने का अनुमान है, जबकि अन्य स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आईएमडी ने बताया कि लखनऊ में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक) और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया।

उसने कहा कि बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच शहर में कहीं भी बारिश नहीं हुई।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। उसने कहा कि लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

आईएमडी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बृहस्पतिवार को कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। उसने बताया कि बांदा 43.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि झांसी में पारा 42.2 डिग्री सेल्सियस और प्रयागराज में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी के अनुसार, वाराणसी में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि बहराइच और कानपुर में 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने लोगों को लू की चेतावनी के मद्देनजर सावधानी बरतने की सलाह दी है।

भाषा

राजेंद्र पारुल

पारुल


लेखक के बारे में