अवैध गर्भपात, नवजातों की खरीद-फरोख्त के आरोपों के चलते अस्पताल सील

अवैध गर्भपात, नवजातों की खरीद-फरोख्त के आरोपों के चलते अस्पताल सील

अवैध गर्भपात, नवजातों की खरीद-फरोख्त के आरोपों के चलते अस्पताल सील
Modified Date: July 2, 2026 / 06:06 pm IST
Published Date: July 2, 2026 6:06 pm IST

मऊ, दो जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के एक निजी अस्पताल को अवैध तरीके से गर्भपात करने और नवजातों की खरीद-फरोख्त में शामिल होने के आरोपों के चलते स्वास्थ्य विभाग ने सील कर दिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद शुरू की गई जांच में कोपागंज थाना क्षेत्र के दोस्तपुर इलाके स्थित कृष्णा अस्पताल के कामकाज में गंभीर अनियमितताओं की बात सामने आई थी, जिसके बाद परिसर को बुधवार को सील कर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के संज्ञान में आया, जिसके बाद लखनऊ से आरोपों की जांच के निर्देश जारी किए गए।

अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि जांच में अस्पताल में कई कमियों और तय मानकों के उल्लंघन का खुलासा हुआ।

उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया गया था, लेकिन न तो प्रबंधन की ओर से कोई व्यक्ति जांच समिति के सामने पेश हुआ और न ही कोई जवाब दिया गया।

सिंह ने कहा, “नोटिस का जवाब न मिलने के बाद अस्पताल को सील कर दिया गया।”

उन्होंने बताया कि अस्पताल के खिलाफ अवैध तरीके से गर्भपात करने और नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में शामिल होने की शिकायतें मिली थीं।

सिंह के मुताबिक, सभी आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल की निजली मंजिल को सील कर दिया गया है, जबकि उसकी ऊपरी मंजिल को जाने वाले रास्ते को खुला रखा गया है, क्योंकि इसका इस्तेमाल आवासीय उद्देश्य के लिए किया जाता है।

भाषा

सं जफर पारुल

पारुल


लेखक के बारे में